बिग बॉस की पूर्व कंटस्टेंट और अभिनेत्री नताशा स्टेनकोविक इन दिनों बेटे अगस्त्य के साथ वक्त बिता रही हैं। उनका बेटा दो महीने का हो चुका है। नताशा ने अगस्त्य के साथ खेलने का एक वीडियो साझा किया है जिसमें वो उसके साथ मस्ती करती नजर आ रही हैं।
वीडियो में अगस्त्य बार बार नताशा की नाक पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मां बेटे के बीच का यह रिश्ता देखते ही बनता है। नताशा ने वीडियो के साथ कैप्शन में हार्ट वाला इमोजी साझा किया है।
वीडियो पर प्रशंसकों के खूब लाइक्स मिल रहे हैं। कई यूजर्स ने तो अगस्त्य को हूबहू हार्दिक पांड्या की कॉपी बताया है। एक ने लिखा- 'वह कितना क्यूट है जूनियर हार्दिक पांड्या, एक अन्य ने लिखा- 'वो बहुत प्यारा है।' एक यूजर ने कमेंट किया- 'जिंदगी का सबसे अच्छा हिस्सा आप जी रही हैं, क्यूट, आशीर्वाद बना रहे।'
बता दें कि नताशा इन दिनों भारत में हैं जबकि क्रिकेटर हार्दिक पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने देश से बाहर हैं। वह मुंबई इंडियंस की टीम की ओर से खेल रहे हैं। बीते दिनों नताशा ने हार्दिक के साथ की एक तस्वीर साझा की थी जिसमें वो उन्हें मिस कर रही थीं।
गौरतलब है कि 2020 की शुरुआत में हार्दिक और नताशा ने सगाई का एलान किया था। हार्दिक ने दुबई में नताशा को प्रपोज किया था और सगाई की अंगूठी पहनाई थी। इसी साल 30 जुलाई को नताशा ने बेटे को जन्म दिया। हार्दिक अक्सर बेटे के साथ की तस्वीरें साझा करते रहते हैं।