2022 की शुरुआत से ही सिनेमाघरों पर साउथ फिल्मों का दबदबा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों को मिली अपार सफलता के कारण दर्शकों के दिलों में साउथ सिनेमा के सितारों ने भी बखूबी जगह बना ली है। कंटेंट, एक्शन और दमदार अदाकारी के कारण साउथ अभिनेता और अभिनेत्रियों की फैन फॉलोइंग में दिन दुगनी-रात चौगुनी बढ़ोतरी हुई है। ये सितारे अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ दोनों के कारण जमकर सुर्खियों में रहे हैं। अल्लू अर्जुन से लेकर समांथा रुथ प्रभु तक का नाम हर किसी की जुबान पर चढ़ चुका है। जहां अल्लू अर्जुन ने अपनी फिल्म 'पुष्पा पार्ट 1' से लोगों के दिलों दिमाग पर राज किया, वहीं समांथा इस साल की शुरुआत में साउथ की दूसरी सबसे महंगी एक्ट्रेस बन चुकी हैं। इतना ही नहीं, वह जनवरी 2022 से जून 2022 तक गूगल पर दूसरी सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली साउथ स्टार हैं। तो इस रिपोर्ट में हम आपको ऐसे साउथ एक्टर्स से रूबरू कराने जा रहे हैं, जिन्हें इस साल गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया है।