प्रवर्तन निदेशालय ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर, उसकी पत्नी अभिनेत्री लीना मारिया पॉल और छह अन्य लोगों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 7,000 पन्नों की चार्जशीट दायर की है। चार्जशीट के मुताबिक रिपोर्टों के हवाले से, चंद्रशेखर ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को ₹52 लाख का घोड़ा और ₹9 लाख की एक फारसी बिल्ली उपहार में दी थी। इसके अलावा चार्जशीट में एक्ट्रेस नोरा फतेही के नाम का भी जिक्र किया गया है, क्योंकि नोरा को सुकेश द्वारा एक महंगी कार गिफ्ट की गई थी। हालांकि, ईडी दोनों ही अभिनेत्रियों से पहले ही पूछताछ कर चुकी है।
इससे पहले मामले में नाम आने के बाद नोरा फतेही ने एक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा था। अभिनेत्री ने दावा किया था कि वह किसी मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधि का हिस्सा नहीं थीं। उन्होंने कहा कि वह खुद इस मामले में पीड़ित हैं। ऐसे में एक गवाह होने के नाते, वह जांच में अधिकारियों का सहयोग और मदद कर रही हैं। अपने बयान में उन्होंने यह साफ किया कि वह किसी भी मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधि का हिस्सा नहीं रही है। साथ ही उनका आरोपी के साथ कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है।