200 करोड़ की मनी लॉड्रिंग के मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ दायर अपनी चार्जशीट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि सुकेश ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को "शेखर रत्न वेला" के रूप में अपना परिचय दिया। सुकेश ने सबसे पहले अभिनेत्री से दिसंबर 2020 और फिर जनवरी 2021 में संपर्क करने की कोशिश की थी। लेकिन एक्ट्रेस ने उसके कॉल का जवाब नहीं दिया, क्योंकि वह उसे जानती नहीं थी। जांच एजेंसी के मुताबिक सुकेश ने बाद में जैकलीन के मेकअप आर्टिस्ट शान मुत्तथिल के जरिए उनसे संपर्क किया।
जानकारी के मुताबिक मेकअप आर्टिस्ट को कथित तौर पर एक सरकारी अधिकारी होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने कहा कि अभिनेत्री को शेखर रत्न वेला के संपर्क में रहना चाहिए, जो एक 'महत्वपूर्ण व्यक्ति' है। मामले में एजेंसी को दिए अपने बयान में जैकलीन फर्नांडीज ने कहा कि सुकेश चंद्रशेखर ने उन्हें दो जोड़ी हीरे के ईयररिंग्स, दो हेर्मेस कंगन, तीन बर्किन बैग और एक जोड़ी लुई वीटॉन जूते भी दिए।