कई लोगों का मानना है कि फिल्मी दुनिया में अभिनेत्रियों का करियर ज्यादा लंबा नहीं रहता। आपको बहुत कम ही ऐसे उदाहरण मिलेंगे जहां हीरोइनों ने लंबे समय तक फिल्में की हों। बॉलीवुड में कुछ ऐसी एक्ट्रेस भी रहीं जो कुछ ही फिल्में करके या तो शादी कर ली या फिल्मी दुनिया से नाता तोड़ लिया। हालांकि उनकी फिल्में हिट जरूर हुई लेकिन उन्हें पहचान नहीं मिली। उन्हीं में से एक नाम है किम शर्मा। जी हां वही, जो फिल्म मोहब्बतें में शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन के साथ नजर आई थीं। यह उनकी डेब्यू फिल्म थी। इसके अलावा वह 'तुम से अच्छा कौन है', 'नहले पे दहला', 'कहता है दिल बार-बार' और 'जिंदगी रॉक्स' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। लेकिन बॉलीवुड में वह अपना कोई खास मुकाम नहीं बना पाईं। अपने करियर से ज्यादा किम निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहीं। पति से तलाक, युवराज सिंह से अफेयर और मेड से मारपीट के चलते किम ने खूब सुर्खियां बटोरीं।