नाना पाटेकर की फिल्म 'आपला मानुस' का टीजर रिलीज हो चुका है। 1 मिनट 3 सेकेंड के टीजर में नाना अपनी छाप पूरी तरह से छोड़ने में कामयाब रहे हैं। इसके साथ ही आपको एक्टिंग के साथ - साथ कहानी का ताना बाना भी इंप्रेस कर देगा।
इस फिल्म में नाना पाटेकर सीनियर क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर मारुति मारगारगोजे का किरदार निभा रहे हैं। टीजर की शुरुआत एक शख्स के बिल्डिंग से गिरने से होती है जिसके बाद नाना की बाइक के साथ एंट्री होती है। वह उसी जगह पर पहुंचते हैं जहां पर शख्स की मौत हो जाती है।
टीजर में नाना पाटेकर के डायलॉग डिलीवरी आपका दिल जीत लेगी। इसमें नाना एक केस की इन्वेस्टिगेशन करते हुए दिखाई देंगे। साथ ही कह रहे हैं कि वो पेपर पर लिखे विटनेस के बयान की परवाह नहीं करते।
इस फिल्म से बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन मराठी फिल्म से प्रोडक्शन में अपनी पारी शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने इस फिल्म को प्रोड्यूस भी किया है। ये फिल्म अगले साल 9 फरवरी को रिलीज होगी। सतीश रजवाड़े के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में बॉलीवुड के अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म में अभिनेता नाना पाटेकर, सुमीत राघवन और इरावती हर्षे भी होंगी।