‘बाहुबली’ सीरीज की फिल्मों के निर्देशक एस एस राजामौली अपने करियर के सबसे बड़े इम्तिहान के लिए तैयारी शुरू कर चुके हैं। अपनी पिछली फिल्म ‘आरआरआर’ की कामयाबी का जश्न मनाने के बाद उन्होंने तेलुगू अभिनेता महेश बाबू के साथ प्रस्तावित अपनी फिल्म पर काम शुरू कर दिया है। समझा जाता है कि फिल्म की शूटिंग वह इसी साल की सर्दियों में शुरू करने का इरादा रखते हैं। महेश बाबू खुद भी आने वाले सोमवार को देश भर से हैदराबाद पहुंच रहे पत्रकारों से रू ब रू होने वाले हैं। हालांकि, ये मुलाकात उनकी प्रोडक्शन कंपनी की फिल्म ‘मेजर’ के सिलसिले में हैं लेकिन असल मकसद यही है कि तेलुगू के अलावा दूसरी भारतीय भाषाओं के पत्रकारों से भी महेश बाबू की मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो सके। महेश बाबू की निर्देशक एस एस राजामौली के साथ प्रस्तावित फिल्म की इस बीच एक्सक्लूसिव खबर ये है कि महेश बाबू ने इस फिल्म में हिंदी सिनेमा की एक दिग्गज हीरोइन को लेने का प्रस्ताव नामंजूर कर दिया है।