दिग्गज पार्श्वगायक महेंद्र कपूर के पोते सिद्धांत कपूर की काबिलियत का पहला नमूना यहां मुंबई में नए दौर की बिंदास अभिनेत्री तब्बू ने दुनिया के सामने पेश किया। सिद्धांत कपूर ने दुनिया भर के अलग अलग देशों में संगीत को लेकर बड़ा काम किया है और नाम भी खूब कमाया है, लेकिन उनका पहला देसी म्यूजिक सिंगल ‘बेपरवाह’ अरसे से प्रतीक्षित ही रहा। मशहूर लेखक रस्किन बॉन्ड की लोकप्रिय कविता 'स्लम चिल्ड्रेंस ऐट प्ले' पर आधारित इस गाने में सिद्धांत कपूर ने जिंदगी की तकलीफों और मुसीबतों से 'बेपरवाह' रहते हुए बेफिक्री पर जोर दिया है और उन बच्चों के जज्बे को सलाम किया है जो रहते भले मलिन बस्तियों में हों लेकिन जिनका जोश, जुनून और जिद किसी को भी हौसले से भर देता है।