हुनरमंद कलाकारों की इन दिनों मुंबई में लॉटरी निकल पड़ी है। अपने फिल्मी करियर के शीर्ष पर भी जो फीस अभिनेता मनोज बाजपेयी को नहीं मिली, वह अब उन्हें ओटीटी की एक एक सीरीज के लिए मिल रही है। सदाबहार अभिनेता आर माधवन डिजिटल के सुपरस्टार बने हुए हैं और अब बारी है माधुरी दीक्षित की। करण जौहर की कंपनी के लिए अपना पहला डिजिटल शो कर रहीं माधुरी की पहली वेब फिल्म की जानकारी भी सामने आई है। सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म के लिए माधुरी को जो फीस मिली है, उतनी फीस हिंदी सिनेमा की किसी अभिनेत्री को अब तक किसी ओरीजनल वेब फिल्म के लिए नहीं मिली है। हिंदी सिनेमा में माधुरी दीक्षित ने अपनी शादी के बाद फिल्म ‘आ जा नचले’ से वापसी की थी। तब से वह लगातार काम कर रही हैं लेकिन जितनी फीस उनको इस नए प्रोजेक्ट के लिए मिलने की खबर है, उतनी फीस उन्हें ना तो अपनी वापसी की बाद वाली सेकेंड इनिंग्स में और न ही कभी फर्स्ट इनिंग्स में मिली।