कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार की आखिरी फिल्म ‘लकीमैन’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म तमिल फिल्म ‘ओह माय कडावुले’ का आधिकारिक रीमेक है। इस फिल्म में दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार एक कैमियो के तौर पर नजर आएंगे। पहले फिल्म में उनका छोटा सा कैमियो था, लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है।
फिल्म में पुनीत राजकुमार दिग्गज डांसर प्रभुदेवा के साथ थिरकते भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अभिनेता-कोरियोग्राफर नागेंद्र प्रसाद ने किया है। इस फिल्म को लेकर पुनीत के फैंस काफी उत्साहित है। ऐसे में दर्शकों का उत्साह और बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने नए साल से पहले फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया है।