संगीत जगत की मशहूर गायिका लता मंगेशकर का रविवार सुबह निधन हो गया। लता जी के निधन की खबर सुनते ही देशभर में गम का माहौल है। लता जी के गानों को सुनने वाले हर व्यक्ति के लिए यह दिल तोड़ने वाली खबर थी। स्वर कोकिला के नाम से मशहूर लता जी के निधन पर जहां केंद्र सरकार ने दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक का एलान किया है, तो वहीं कई राज्यों ने भी राजकीय शोक का एलान किया है। इतना ही नहीं संगीत की दुनिया की महान गायिका लता मंगेशकर को अंतिम विदाई देने अलग-अलग क्षेत्र के कई कलाकार शामिल हुए। साथ ही आम लोगों का सैलाब भी उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ा।
इसी बीच अब भारत रत्न से सम्मानित दिवंगत गायिका लता मंगेशकर के सम्मान में सरकार ने डाक टिकट जारी करने का फैसला किया है। इस बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव इस कार्यक्रम के दौरान सोमवार को जानकारी दी।