इस साल की सबसे बहुचर्चित और जोरों-शोरों से प्रचारित,आमिर खान अभिनीत फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' आखिरकार पिछले गुरुवार, 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। आमिर खान, करीना कपूर खान और नागा चैतन्य की अदाकारी से सजी इस फिल्म का रिलीज से पहले से ही काफी बज बना हुआ था। लेकिन अद्वैत चंदन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया से बायकॉट की उठी मांग अब इतनी बढ़ गई है कि जगह-जगह फिल्म के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर नाकाम साबित हो रही आमिर खान की यह फिल्म, विदेशी बाजारों में अपना दबदबा दिखा रही है।