नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने हिंदी दर्शकों के अगले एक साल तक भरपूर मनोरंजन के लिए अपनी नई 10 ओरिजनल फिल्मों का एलान सोमवार को यहां मुंबई में किया। कार्यक्रम की चौंकाने वाली बात रही, इस दौरान नेटफ्लिक्स ओरीजनल के रूप में बन रही निर्देशक सुजॉय घोष की फिल्म ‘डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ की लीड कलाकार करीना कपूर का ऐन मौके पर कार्यक्रम में न आना। तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक नेटफ्लिक्स के इस फिल्म्स डे का समापन करीना कपूर के आगमन से ही होना था, लेकिन करीना की हालिया रिलीज फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को लेकर सोशल मीडिया पर बने नकारात्मक माहौल को देखते हुए ये कार्यक्रम नहीं हुआ। और, वहीं से शुरू हुई तफ्तीश में ये पता चला है कि नेटफ्लिक्स ने न सिर्फ फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के ओटीटी अधिकार खरीद लिए हैं बल्कि इसकी रिलीज डेट भी फाइनल कर ली है।