टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘खिचड़ी’ में वरिष्ठ अभिनेत्री सुप्रिया पाठक इस वक्त हंसा के किरदार में नजर आ रही हैं। यह धारावाहिक आया तो साल 2003 में था लेकिन कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के चलते इस शो का प्रसारण फिर से टीवी पर किया जा रहा है। इसमें सुप्रिया ने एक गुजराती महिला का किरदार निभाया है जिसके चर्चित संवाद जैसे; हेलो! हाउ आर यू?, खाना खाके जाना, हां! लोगों को खूब भा रहे हैं।
इन संवादों पर अपनी यादें ताजा करते हुए अभिनेत्री सुप्रिया पाठक ने बताया, ‘शुरूआत में मुझे हंसा के किरदार को लेकर बहुत चिंता थी क्योंकि हंसा एक ऐसी व्यक्ति थी जो बात तो बहुत करती हैं, लेकिन करती कुछ भी नहीं हैं। जैसे ही मैंने इस किरदार को निभाना शुरू किया मुझे एकदम राहत महसूस हुई। मुझे लगता है कि हंसा एक सदाबहार किरदार है, जिसे निभाने में मुझे बहुत खुशी मिली। अपने जीवन में पहली बार मैं बहुत खुश थी। इस शो को 16 साल बीत चुके हैं फिर भी हंसा आज भी मेरा एक अहम हिस्सा है। हंसा की मासूमियत पूरी तरह से आकर्षक है और वह आशा का एक प्रतीक भी है कि हर परिस्थिति में आखिरकार सबकुछ ठीक हो जाता है।‘