नेटफ्लिक्स पर शुक्रवार से रिलीज होने जा रही चर्चित वेब सीरीज ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ के रचयिता निर्माता-निर्देशक नीरज पांडे का इरादा देश के हर राज्य की पुलिस की दुर्दांत अपराधियों से मुकाबले की कहानियों पर सीरीज बनाने का है। इसकी शुरुआत वह बिहार में कार्यरत रहे पुलिस अधिकारी अमित लोढ़ा के अनुभवों से प्रेरित एक कहानी से कर रहे हैं हालांकि उनका ये भी कहना है कि ये सीरीज अमित लोढा की बायोपिक नहीं हैं। ‘अमर उजाला’ के साथ एक एक्सक्लूसिव वीडियो इंटरव्यू में नीरज पांडे के साथ सीरीज के मुख्य कलाकारों करण टैकर और अविनाश तिवारी व सीरीज के निर्देशक भव धूलिया ने भी हिस्सा लिया। नीरज पांडे देश में हॉरर फिल्मों का एक नया अध्याय भी शुरू करना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने अपनी एक नई कंपनी भी खोली है। ये इंटरव्यू अमर उजाला के फेसबुक और यूट्यूब चैनलों पर गुरुवार रात 9 बजे से देखा जा सकेगा।