अभिनेत्री कंगना रणौत के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें 22 दिसंबर से पहले मुंबई पुलिस के सामने पेश होने को कहा है। वहीं महाराष्ट्र सरकार कंगना के खिलाफ़ 25 जनवरी तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने की बात पर सहमत हो गई है। दरअसल अभिनेत्री ने सरकार की ओर से कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा था कि, 'खालिस्तानी आतंकवादियों ने भले ही आज सरकार की बांह मरोड़ दी हो लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि एक महिला प्रधानमंत्री ने इन्हें कुचल दिया था. चाहे इसकी वजह से देश को कितना भी कष्ट क्यों न हुआ हो।'
इस समय कोरोना के नए वेरियंट ओमिक्रॉन की वजह से देश भर में एक बार फिर से कोरोना फैलने का डर सताने लगा है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक अभिनेत्री करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा ने कोविड19 का परिक्षण करवाया, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।आरोप है कि दोनों अभिनेत्रियां कोविड मानदंडो का उल्लंघन किया है और हाल ही में कई पार्टियों में शामिल हुई थी। खबरों के मुताबिक, फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के 20 साल पूरे होने के मौके पर करण जौहर ने एक पार्टी रखी थी। करीना कपूर खान अपनी बहन करिश्मा कपूर के साथ इस पार्टी में शामिल हुई थी। फिलहाल, बीएमसी की तरफ से करीना कपूर और अमृता अरोड़ा के संपर्क में आए सभी लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने का आदेश दिया गया है।
कटरीना कैफ और विक्की कौशल बीते 9 दिसंबर को सात फेरों के पवित्र बंधन में बंध चुके हैं। कटरीना ने शादी की एक तस्वीर शेयर कर अपने फैंस को इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद इस न्यूली मैरिड कपल को सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार बधाइयां दे रहे हैं। शादी की कोई वीडियो या तस्वीरें लीक न हो इसके लिए पूरे इंतजाम किए गए थे लेकिन अब कटरीना और विक्की कौशल की शादी फंक्शन की एक के बाद एक नई तस्वीरें सामने आ रही हैं। जिसमें हल्दी फंक्शन से लेकर मेहंदी और शादी तक की तस्वीरें शामिल हैं। इन तस्वीरों में कटरीना बेहद ही खूबसूरत लग रही हैं। यहां देखें कटरीना की शादी की सारी तस्वीरें।
चंडीगढ़ करे आशिकी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर की फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' का पहले दिन का कलेक्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था, लेकिन अब दर्शकों पर इस प्यार का खुमार चढ़ता नजर आ रहा है। फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ के निर्माताओं को दर्शकों की तारीफों से फिल्म का कलेक्शन आने वाले दिनों में बढ़ने की उम्मीद थी, और यह सही भी साबित हुआ। फिल्म ने दूसरे दिन फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली थी और कमाई में उछाल देखने को मिला था, जो रविवार को भी लगातार जारी रहा। फिल्म को वीकेंड का जबरदस्त फायदा मिला और 'चंडीगढ़ करे आशिकी' ने तीसरे दिन भी कमाई में बढ़त हासिल की। आपको बता दें कि फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ देश के 2500 और विदेश के 500 स्क्रीन्स पर एक साथ रिलीज हुई है। इस फिल्म को मेट्रो सिटी के युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। तो चलिए जानते हैं अब तक चंडीगढ़ करे आशिकी ने कितने करोड़ का कलेक्शन किया है।
अंकिता लोखंडे (Ankita Lokhande) और विक्की जैन (Vicky Jain) ने बीते रोज मुंबई के एक होटल में धूमधाम से सगाई कर ली। दोनों की सगाई में टीवी जगत की तमाम बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। सगाई को यादगार बनाने के लिए अंकिता ने स्टेज पर विक्की को जब अंगूठी पहनाई तो बैकग्राउंड में सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म राब्ता का टाइटल गाना बजा। अपनी सगाई में अंकिता ब्लू गाउन में दिखाई दे रही हैं, वहीं विक्की जैन ने भी उनसे मैचिंग करते हुए कपड़े पहले हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही विक्की ने अंकिता को अंगूठी पहनाई, अंकिता ने स्टेज पर ही उन्हें किस कर लिया। एंगेजमेंट पार्टी से पहले अंकिता और विक्की की मेहंदी सेरेमनी में भी जमकर मस्ती हुई जिसके वीडियो और फोटोज सामने आए हैं।
मिस यूनिवर्स 2021 का ताज भारत की हरनाज संधू को मिला है। 70वां मिस यूनिवर्स पेजेंट इस साल 12 दिसंबर को इजराइल में हुआ। इस प्रतियोगिता के प्रीलिमिनरी स्टेज में 75 से ज्यादा खूबसूरत और प्रतिभाशाली महिलाओं ने भाग लिया था लेकिन टॉप 3 में तीन देशों की महिलाओं ने जगह बनाई इसमें से एक भारत की हरनाज संधू भी रहीं। हालांकि दोनों साउथ अफ्रीका और पराग्वे को पीछे छोड़ते हुए भारत की हरनाज संधू ने ब्रह्माण्ड सुंदरी का ताज अपने नाम कर लिया। मिस यूनिवर्स का ताज भारत की झोली में 21 सालों के बाद आया है। संधू की ताजपोशी इस कार्यक्रम में मेक्सिको की पूर्व मिस यूनिवर्स 2020 एंड्रिया मेजा ने की। उर्वशी रौतेला ने इस बार Miss Universe 2021 के कॉन्टेस्ट को जज किया।
सर्वाइवर तमिल के पहले संस्करण की विजेता विजयलक्ष्मी बनीं हैं। उन्हें 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। सर्वाइवर तमिल पिछले तीन महीनों से जी टेलीविजन पर प्रसारित किया जा रहा था। एक्ट्रेस विजयलक्ष्मी के सिर इस संस्करण का ताज सजा और उन्हें विजेता घोषित किया गया। विजयलक्ष्मी को जूरी सदस्यों के अधिकांश वोट मिले और उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया है। एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम के जरिए जूरी के सदस्यों और अपने फैंस का धन्यवाद अदा किया। अर्जुन सरजा सर्वाइवर तमिल के होस्ट बने। यह शो एक साहसिक गेम शो था। जो कि स्वीडिश रियलिटी शो एक्सपेडिशन रॉबिन्सन से प्रेरित था, जिसे 1997 में चार्ली पार्सन्स द्वारा बनाया गया था। 91 दिनों तक चले इस साहसिक गेम शो की सर्वाइवर एक्ट्रेस विजयलक्ष्मी बनीं हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर और सारा अली खान ने रविवार रात को एपी ढिल्लों कॉन्सर्ट में भाग लिया। उनके साथ इब्राहिम अली खान भी मौजूद थे। इस कॉन्सर्ट में तीनों ने जमकर मस्ती की। जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस कॉन्सर्ट में जान्हवी, सारा और इब्राहिम एपी ढिल्लों के गीतों पर थिरके। गौरतलब है कि सारा अली खान और इब्राहिम खान एक्टर सैफ अली खान की संतान हैं। जबकि, एक्ट्रेस जान्हवी कपूर बोनी कपूर की बेटी हैं। हालांकि, इस कॉन्सर्ट में कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ी थी। जिसकी वजह से मुंबई पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ कोविड नियमों का पालन नहीं करने की वजह से एफआईआर दर्ज कर ली है। दरअसल, कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट की वजब से मुंबई पुलिस ने शहर में किसी भी तरह की जुलूस, रैली और मोर्चे पर रोक लगा रखी थी।
samantha parbhu new song
- फोटो : @PushpaMovie/twitter...aswin_athreya/insta
साउथ फिल्म इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से कुछ समय पहले सुर्खियों में बनी हुई थीं। पति नागा चैतन्य से अलग होने के चलते सामंथा काफी मुश्किलों का सामना कर रही हैं और धीरे-धीरे अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रही हैं। लेकिन सामंथा की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। अब सामंथा की प्रोफेशनल लाइफ में भी परेशानियां आनी शुरू हो गई हैं। हाल ही में, सामंथा रुथ प्रभु के खिलाफ नए गाने की वजह से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। 'ओ अंथया ओ... ओर अंथया' गाने में सामंथा की अदाओं ने हर किसी को हैरान कर दिया। लेकिन एक संस्था को सामंथा का गाना पसंद नहीं आया, जिस वजह से उन्होंने एक्ट्रेस के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
फील्ड मार्शल सैमबहादुर मानेकशॉ की बायोपिक के रूप में बन रही अभिनेता विक्की कौशल की फिल्म 'सैमबहादुर' में दो नए कलाकारों की एंट्री हो गयी है। आमिर खान की फिल्म दंगल के बाद इसकी दोनों चर्चित अभिनेत्रियां फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा इस फिल्म में साथ नजर आएंगी। निर्देशक मेघना गुलजार की इस फिल्म में दोनों के बहुत ही चुनौतीपूर्ण किरदार बताए जा रहे हैं और दोनों के साथ विक्की कौशल की एक नई फोटो भी इस एलान के साथ मेघना ने जारी की है। मेघा ने ये एलान अपने जन्मदिन पर किया। सैमबहादुर मानेकशॉ का सैन्य करियर चार दशक और पांच युद्धों तक फैला हुआ है। वह फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत होने वाले पहले भारतीय सेना अधिकारी थे और 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना की निर्णायक जीत सेनाध्यक्ष के रूप में उनकी कमान में थी। दिलचस्प बात यह है कि इस साल 1971 के युद्ध के 50 साल भी पूरे हो गए है।