बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार हाथियों का महामुकाबला होने वाला है। मार्शल आर्ट एक्सपर्ट हीरो विद्युत जामवाल की फिल्म 'जंगली' के साथ ही इस शुक्रवार डिजनी की एनीमेशन फिल्म 'डम्बो' भी रिलीज हो रही है। राजेश खन्ना की सुपरहिट फिल्म 'हाथी मेरे साथी' से प्रेरित फिल्म 'जंगली' में विद्युत जामवाल रीयल हाथियों के लिए हाथीदांत तस्करों से भिड़ते नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक चक रसेल ने किया है और फिल्म की कहानी हाथी के बच्चे भोला और उसके बचपन के साथ राज की दोस्ती बताती है।
वहीं मशहूर डायरेक्टर टिम बर्टन ने 'डम्बो' की कमान संभाली है। 'डम्बो' टेलीविजन की दुनिया का काफी लोकप्रिय किरदार रहा है और इस किरदार पर बनी पहली फीचर फिल्म में आवाजें कॉलिन फरेल, माइकल कीटन और एवा ग्रीन जैसे मशहूर सितारों ने दी हैं। 'डम्बो' की खास स्क्रीनिंग मुंबई में सेलेब्रिटीज किड्स के लिए की गई जिसमें टेलीविजन के मशहूर सितारे दीपिका देशमुख, इकबाल खान, आश्का गोराडिया, राजीव पॉल, राकेश पॉल, रोमित राज, कनिका माहेश्वरी, रजनीश दुग्गल व नितांश गोयल आदि अपने बच्चों के साथ पहुंचे।