वामिका गब्बी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इन दिनों अभिनेत्री वामिका गब्बी, विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बन रही वेब सीरीज 'चार्ली चोपड़ा एंड मिस्ट्री ऑफ सोलांग वैली' में काम कर रही हैं। इस सीरीज के एक शेड्यूल की शूटिंग मनाली में हो चुकी है और इन दिनों इस सीरीज की शूटिंग मुंबई में चल रही हैं। विशाल भारद्वाज के साथ काम करके उत्साहित वामिका गब्बी कहती हैं, 'विशाल सर के साथ यह मेरा चौथा प्रोजेक्ट है। इससे पहले मैं उनके साथ फिल्म 'खुफिया' में काम कर चुकी हूं जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस फिल्म में तब्बू के साथ काम करने का बहुत ही शानदार अनुभव रहा है। मैंने विशाल भारद्वाज सर के साथ एक और सीरीज 'मॉर्डन लव मुंबई' में काम किया था, इस सीरीज के एक कहानी 'मुंबई ड्रैगन' का निर्देशन विशाल सर ने किया था। यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। इसके अलावा विशाल सर के साथ एक 30 मिनट की शार्ट फिल्म 'फुरसत' की थी, जो एप्पल टीवी पर रिलीज हुई थी। विशाल सर के साथ काम करने का हमेशा से ही शानदार अनुभव रहा है।
वेब सीरीज 'चार्ली चोपड़ा एंड मिस्ट्री ऑफ सोलांग वैली' अगाथा क्रिस्टी के नॉवल 'द सित्ताफोर्ड वैली' पर आधारित है। इस सीरीज में वामिका गब्बी, 'चार्ली चोपड़ा की टाइटल भूमिका निभा रही हैं। यह सीरीज ओटीटी प्लेटफार्म सोनी लिव के लिए बनाई जा रही हैं। वेब सीरीज 'चार्ली चोपड़ा एंड मिस्ट्री ऑफ सोलांग वैली' के बारे में वामिका गब्बी कहती हैं, 'चार्ली चोपड़ा एक डिटेक्टिव है, जुबली के बाद इस सीरीज में एक बार फिर चौनौतीपूर्ण भूमिका निभाने का मौका मिला है। इस सीरीज में नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक, नीना गुप्ता मैम जैसे दिग्गज कलाकार के साथ काम करने का मौका मिलना ही मेरे लिए बहुत बड़े सौभाग्य की बात है।