सुपरस्टारडम की तरफ अपनी पिछली दो फिल्मों ‘पद्मावत’ और ‘कबीर सिंह’ से लौटने की कोशिश कर रहे अभिनेता शाहिद कपूर की हसरत बॉक्स ऑफिस पर पूरी होती नहीं दिख रही है। फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिनों में ही कन्नड़ फिल्म ‘केजीएफ 2’ के हिंदी डब संस्करण के आगे घुटने टेक दिए हैं। फिल्म के निर्माताओं को ही इस फिल्म पर भरोसा नहीं रहा है और इसी के चलते शाहिद कपूर, मृणाल ठाकुर और पंकज कपूर के बेहतरीन अभिनय से सजी इस फिल्म का प्रचार प्रसार ही ढंग से नही किया गया। यही नहीं फिल्म जिन सिनेमाघरों में लगी है, वहां भी इसके शोज कायदे से होते नहीं दिख रहे हैं। फिल्म कारोबार के सूत्र बताते हैं कि शाहिद कपूर के फिल्म के शोज सिनेमाघरों में कम से कम रखने के पीछे भी एक योजना काम कर रही है।