किंग खान शाहरुख की अगली फिल्म ‘जवान’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता सातवें आसमान पर है। शाहरुख ने इस ट्रेलर को नया नाम दिया है प्रिव्यू और इसकी अंग्रेजी वर्तनी भी इसी उच्चारण वाले अंग्रेजी शब्द से भिन्न रखी है। मंगलवार को अभिनेता सलमान खान ने भी इस फिल्म के ट्रेलर की तारीफ करते हुए इसे अपने सोशल मीडिया पेज पर साझा किया और इसके जवाब में बुधवार को शाहरुख खान ने इस बात का खुलासा किया कि ये ट्रेलर उन्होंने सबसे पहले सलमान खान को ही दिखाया था। पहले 24 घंटे के व्यूज़ के हिसाब से यह ट्रेलर चौथे नंबर पर रहा। इस बीच खबर ये भी है कि फिल्म ‘जवान’ के जिस गाने की शूटिंग दुबई में होने की बात चल रही थी, उसकी शूटिंग मुंबई में शुरू हो चुकी है।