जावेद जाफरी
टीवी पर वो लोग जाते हैं जिनके पास कुछ काम नहीं होता
इंडस्ट्री में 35 साल का वक्त गुजार चुके जावेद जाफरी कहते हैं कि, 'मेरी जिंदगी में बड़ा बदलाव टेलीविजन लेकर आया। टीवी जब शुरू हुआ तो मैंने यहां काम करने का फैसला लिया और जब काम शुरू किया तो उस वक्त लोगों ने मुझे कहा तुम पागल हो, टीवी पर आ रहे हो। ये एक प्रोफेशनल सुसाइड है। जिन लोगों के पास कुछ नहीं होता है वो लोग ही टीवी पर जाते हैं'।
जावेद कहते हैं, "लोगों की बात सुनकर मैंने उनसे कहा था कि देखो टीवी की अपनी एक अलग ऑडियंस है और उस दौरान मैं चैनल वी के जरिए युवा लोगों के संपर्क में आया जिनकी अपनी एक जबान है।आज जो इंटरनेट में हाय, हेलो, सलाम वाली भाषा सुनाई देती है, उसकी शुरुआत मैंने बहुत पहले टीवी पर की थी। टीवी में कई शो होस्ट करने के बाद डांस रियलिटी शो 'बूगी वूगी' से मुझे बहुत कामयाबी मिली। मेरी कामयाबी और टीवी पर मेरे काम को देख कई दिग्गजों ने जैसे शम्मी कपूर साहब, अमिताभ बच्चन साहब, धर्मेंद्र जी, महमूद साहब, जया प्रदा ने ना केवल सराहना की थी बल्कि मेरा हौसला भी बढ़ाया था।"