बॉलीवुड के मशहूर एक्टर इरफान खान ने बीते सोमवार को ट्विटर पर अपने एक गंभीर बीमारी की चपेट में आने की खबर दी थी। 51 वर्षीय अभिनेता ने ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि वह एक 'दुर्लभ बीमारी' से पीड़ित हैं। इरफान ने लिखा था कि हफ्तेभर में उनके पास इस बीमारी के संबंध में जांच रिपोर्ट आ जाएगी और उसके बाद ही वह जानकारी साझा करेंगे। इस खबर के फैलने के बाद फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स ने उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना शुरू कर दी थी। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा कहा गया कि इरफान खान को ब्रेन कैंसर हुआ है और वह कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हैं। इस खबर को फैलने में जरा भी वक्त नहीं लगा और फैंस इरफान की लंबी उम्र के लिए दुआ मांगने लगे। इसी बीच ट्रेड एनालिस्ट कोमल नहाटा ने इन खबरों का खंडन किया है। उन्होंने इन खबरों को फेक कहा है।