फिल्म नगरी मुंबई के फिल्म, टेलीविजन और वेब सीरीज निर्देशकों की इकलौती संस्था इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) में अब कोई भी पदाधिकारी कितने भी समय तक लगातार चुनाव लड़ सकता है। पदाधिकारियों के लगातार दो बार चुने जाने के बाद गैप लेने की व्यवस्था इस साल से खत्म कर दी गई है। ये जानकारी इफ्टडा के अगले महीने होन जा रहे चुनावों की सूचना के साथ संस्था के सदस्यों को दी गई है। इफ्टडा की योजना मुंबई में एक फिल्म स्कूल खोलने की भी है। इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) की 63वीं आम सभा और इसके त्रैवार्षिक चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ये चुनाव इस साल 15 अगस्त के दिन सुबह 9 बजे से लेकर 6 बजे तक होंगे।
इस बारे में जारी जानकारी में कहा गया है कि इफ्टडा ने अपनी मातृसंस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) के सहयोग से बीते साल 21 करोड़ रुपये का चंदा इकट्ठा किया। चुनाव की जानकारी के लिए अपने सदस्यों को भेजे गई संस्था की रिपोर्ट में उन सभी निर्माताओं और अभिनेताओं का भी उल्लेख किया गया है जिन्होंने कोरोना प्रभावित कलाकारों और तकनीशियों को आर्थिक मदद की।