भारतीय सिनेमा के दो बेहतरीन कलाकारों आर माधवन और विजय सेतुपति को लेकर बनी फिल्म ‘विक्रमवेधा’ हिंदी सिनेमा के जिस दर्शक ने भी सबटाइटल्स या कि डब संस्करण में देखी है, सब के सब इस फिल्म के हिंदी रीमेक का लंबे समय से इंतजार करते रहे हैं। कभी शाहरुख खान और माधवन के साथ बनने जा रही ये फिल्म आमिर खान और सैफ अली खान से होते हुए अब ऋतिक रोशन और सैफ अली खान पर आकर रुकी है। ऋतिक रोशन के पास पहले ये फिल्म पुलिस इंस्पेक्टर के रोल के लिए गई थी और तब उन्होंने इसके लिए मना कर दियाथा। लेकिन, आमिर खान के फिल्म में डॉन का किरदार करने से मना करने के बाद ऋतिक की इस फिल्म में फिर से एंट्री हो गई है। फिल्म में विजय सेतुपति वाला किरदार करने के लिए उन्होंने हां कर दी है और इसकी पुष्टि भी उनके दफ्तर ने ‘अमर उजाला’ से कर दी है।