Hrithik Roshan Post: ऋतिक रोशन की पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड सबा आजाद के साथ रोमांटिक तस्वीरें शेयर की हैं और एक नोट लिखा है।
बॉलीवुड के स्टार ऋतिक रोशन की इंस्टाग्राम पोस्ट ने फैंस का ध्यान खींचा है। वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ अपने रिश्ते के पांच साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने अपनी पार्टनर के साथ कई तस्वीरें शेयर की हैं। उनकी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सेलेब्स ने इस पर शानदार कमेंट कर रहे हैं।
ऋतिक की पोस्ट में क्या है?
अभिनेता ने गुरुवार अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी गर्लफ्रेंड सबा आजाद के साथ बिताए पलों की कई रोमांटिक तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में ऋतिक और सबा को डूबते सूरज के सामने साथ खड़े देखा जा सकता है। एक और तस्वीर में कपल किसी एयरक्राफ्ट के अंदर सेल्फी के लिए पोज देते हुए दिख रहा है। एक और तस्वीर में वह समुद्र किनारे बैठे हैं।
पोस्ट पर सेलेब्स ने किए कमेंट
अपनी पोस्ट में उन्होंने सबा आजाद के लिए एक प्यारा नोट लिखा है। उन्होंने लिखा 'यह हमारा दिन है। पांचवां साल मुबारक हो।' पोस्ट पर कई सेलेब्स ने कमेंट किए हैं। ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने लिखा 'बहुत प्यारी, सालगिरह मुबारक हो।' नरगिस फाखरी ने लिखा 'पांचवीं सालगिरह मुबारक हो।' सारा आफरीन ने लिखा 'आप लोग खुश रहो। मैं आपके लिए खुश हूं।' इसी तरह से दीया मिर्जा और मृणाल ठाकुर ने दिल वाला इमोजी कमेंट किया है।
ऋतिक का सबा के साथ रिश्ता कैसे सामने आया?
बता दें कि इस कपल ने 2022 में अपने रिश्ते को सबके सामने जाहिर किया था। तब से उन्हें अक्सर फैमिली गेट-टुगेदर और पब्लिक इवेंट्स में साथ देखा जाता रहा है। ऋतिक और सबा के डेटिंग की अफवाहें तब शुरू हुईं, जब 2022 में उन्हें मुंबई में एक साथ देखा गया। इसके बाद उनका रिश्ता और ज्यादा लोगों के सामने तब आया, जब दोनों करण जौहर के 50वें जन्मदिन के जश्न में एक साथ पहुंचे। दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे पहुंचे थे। इस तरह साथ दिखने को उनके रिश्ते की पहली बड़ी सार्वजनिक पुष्टि माना गया।