अभिनेता ऋतिक रोशन के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता की नानी पद्मा रानी का 91 वर्ष की आयु निधन हो गया। वह मशहूर निर्देशक दिवंगत जे ओमप्रकाश की पत्नी थीं। वृद्धावस्था की वजह से वह काफी समय से बिस्तर पर थीं। 16 जून यानी आज तकरीबन तीन बजे के आस-पास नींद में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। पद्मा रानी का अंतिम संस्कार सुबह करीब साढ़े दस बजे मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया।
जे ओमप्रकाश का साल 2019 में हो चुका है देहांत
हिंदी सिनेमा को कई हिट फिल्में देने वाले निर्माता, निर्देशक जे ओमप्रकाश का भी साल 2019 में निधन हो गया था। जे ओमप्रकाश यानी अपने नाना को मुखाग्नि भी ऋतिक ने ही दी थी। जे ओमप्रकाश को आप की कसम (1974), अपनापन (1977), आदमी खिलौना है (1983) जैसी फिल्मों के लिए पहचाना जाता है।
नाना-नानी के बेहद करीब रहे हैं ऋतिक रोशन
अभिनेता ऋतिक रोशन अपने नाना और नानी दोनों के ही बेहद करीब रहे हैं। वह अपने नाना जी को डेडा कहकर बुलाते थे, अभिनेता ने अपने नाना का 92वां जन्मदिन धूमधाम से पूरे परिवार के साथ मनाया था, जिसकी तस्वीरें भी साझा करते हुए उन्होंने अपने नाना के लिए प्यार भरा नोट भी लिखा था।