सिनेमा के बड़े परदे पर कभी-कभी छोटे किरदार भी लोगों के दिलों में अपनी छाप छोड़ जाते हैं। फिल्ममेकिंग की भाषा में इन किरदारों को निभाने वालों को चरित्र अभिनेता कहते हैं। एक दौर था हिंदी सिनेमा का जब दिग्गज निर्देशक फिल्में बनाते समय सुपर सितारों के साथ-साथ अपनी कहानियों में ऐसे किरदार भी गढ़ते थे, जिनकी वजह से एक कलाकार सुपरस्टार बन पाता था। लेकिन, हिंदी सिनेमा में दमदार किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले तमाम दिग्गज कलाकार इन दिनों मीडिया के हाशिये पर हैं। उर्फी जावेद और मलाइका अरोड़ा से हिट्स पाने की दौड़ में ये कलाकार कहीं पीछे छूटते जा रहे हैं। लेकिन, हमने ये तय किया है कि हम अपने पाठकों को इन कलाकारों के बारे में बताएंगे और मीडिया के हाशिये पर पहुंच चुके इन सितारों को बनाएंगे, ‘हाशिये के सुपरस्टार’। आइए आपको मिलाते हैं इस सीरीज के अब तक के सुपर सितारों से...