आज भले ही गोविंदा फिल्मों में बहुत ज्यादा एक्टिव ना हों, लेकिन एक समय ऐसा था जब हीरो नंबर 1 गोविंदा के नाम का डंका इंडस्ट्री में बजता था। हर निर्माता निर्देशक की पहली चॉइस थे गोविंदा। अभिनेता ने अपनी फिल्मों में सिर्फ अपने अभिनय के दम पर ही जगह नहीं बनाई, बल्कि उनके डांस और कॉमिक टाइमिग के लिए भी उन्हें काफी पसंद किया गया। गोविंदा ने बड़े पर्दे पर हीरो नंबर 1, आंटी नंबर 1, राजा बाबू, हद कर दी आपने और पार्टनर सहित कई सफल फिल्में दी हैं। उनके गाने आज भी लोगों को डांस करने पर मजबूर कर देते हैं।
संघर्ष के दौर से गुजर चुके हैं गोविंदा
लेकिन कहते हैं बॉलीवुड में मंजिल पाना और अपनी जगह बनाना बिलकुल भी आसान नहीं है। ऐसा ही कुछ हुआ गोविंदा के साथ भी। गोविंदा ने भी अपने शुरुआती दौर में एक फिल्म पाने के लिए कड़ा संघर्ष किया। गोविंदा ने कम उम्र में ही फिल्मों में कदम रख दिया था। 80 और 90 के दशक में शानदार फिल्में करने वाले गोविंदा ने अपने करियर की शुरुआत 1980 में आई फिल्म ‘तन बदन’ से की थी, हालांकि उनकी फिल्म ‘इल्जाम’ पहले सिनेमाघरों में रिलीज हुई। उनके काम को फिल्म में काफी पसंद किया गया।