गंगूबाई काठियावाड़ी टीजर
- फोटो : फिल्म टीजर
फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ की रिलीज के बाद से इसे हिंदी सिनेमा के सितारों की तारीफ मिल रही है। फिल्म की रिलीज से पहले तीखी टिप्पणियां करने वाली कंगना रणौत ने भी आलिया भट्ट के अभिनय की तारीफ की है। विकी कौशल, अनिल कपूर जैसे सितारे तो रिलीज से पहले हुए खास शो को देखने के बाद से ही आलिया का गुणगान कर रहे हैं। ‘अमर उजाला’ से बातें करते हुए आलिया से जब इस फिल्म की रिलीज के बाद हिंदी सिनेमा की हीरोइन नंबर वन का तमगा मिलने का जिक्र किया गया तो उनका कहना था, ‘मेरे लिए संजय लीला भंसाली के साथ काम करना ही सिनेमा का सबसे अहम स्थान है। नंबर वन, टू या थ्री, ये मेरे लिए कोई मायने नहीं रखते क्योंकि ये एक रचनात्मक माध्यम है। खेल में एक स्पष्ट विजेता होता है। यहां अगर आप दिल जीत लो तो सब विनर हैं। यही कोशिश है और मेरे लिए उनके साथ काम करना ही अहम है। और इस फिल्म के बाद उनके साथ एक बार फिर से काम करने को मिले तो उसे मैं अपनी जीत मानूंगी।’