बॉलीवुड में पर्दे पर हीरो का किरदार अदा कर 'हीरो' बनने वाले सितारों की लंबी फेहरिस्त है। मगर, खलनायक की भूमिका निभाकर छाने वाले सितारे शायद कम ही हैं। जब भी सिनेमा के खलनायकों का जिक्र होगा सदाशिव अमरापुरकर के बिना बात अधूरी रहेगी। आज उनका जन्मदिन है। बता दें कि सदाशिव अमरापुरकर का जन्म 11 मई 1950 को महाराष्ट्र के अहमदनगर में हुआ था। उनके करीबी लोग प्यार से उन्हें 'तात्या' कहते थे। सदाशिव अमरापुरकर ने अपने एक्टिंग के सफर की शुरुआत मराठी नाटकों से की थी। करीब 50 नाटकों में काम करने के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में दस्तक दी। सदाशिव अमरापुरकर ने मराठी फिल्म से फिल्मी करियर शुरू किया, इसमें उन्होंने बाल गंगाधर तिलक का किरदार अदा किया। फिल्म का नाम था '22 जून 1897'। सदाशिव ने धर्मेंद्र, गोविंदा, अमिताभ बच्चन, आमिर खान, संजय दत्त और सलमान खान समेत कई बड़े सितारे के साथ काम किया। खलनायक का किरदार निभाने के साथ-साथ उन्होंने कॉमेडी फिल्मों में भी हाथ आजमाया। आइए जानते हैं उनकी ऐसी शानदार पांच फिल्में, जिसमें उनकी दमदार एक्टिंग देखने को मिली।