पिता वह इंसान होता है जो हर परिस्थिति के अनुसार अपने बच्चों के लिए कई रूप धारण कर लेता है। कैसी भी स्थिति हो वह अपने बच्चों के लिए ढाल बनकर खड़ा रहता है। साहस, त्याग, बल और अनुशासन को एक शब्द में कहना हो पिता शब्द ही काफी है। एक मां अगर बच्चे को दुनिया से रूबरू करती है तो पिता उसे जीना सिखाते हैं। एक मां अपने बच्चे के सामने दुख बयां कर लेती है, लेकिन पिता वह शख्स होता है जो कैसा भी दुख हो, लेकिन अपने बच्चे पर उसकी आंच कभी आने नहीं देते। एक पिता के कंधे पर बहुत सी जिम्मेदारियां होती हैं, जिन्हें शायद लफ्जों में बयां करना मुश्किल है। वैसे तो पिता को लेकर किसी खास दिन को सेलिब्रेट करने की जरुरत नहीं है, लेकिन फिर भी दुनिया में जून के तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है। ऐसे खास मौके पर आज हम आपके लिए बॉलीवुड की उन फिल्मों को लेकर आए हैं, जिनमें एक पिता का सख्त रूप दिखाया गया है।