फेसबुक और ट्विटर पर फर्जी खाते बनाकर हैशटैग और दूसरी चीजें ट्रेंड कराने वाली कंपनियों के लिए खतरे की घंटी बज गई है। मुंबई पुलिस ने अब तक 54 ऐसी कंपनियों की पहचान कर ली है जो फर्जी खाते बनाकर लोगों को फॉलोअर्स और लाइक्स मुहैया कराती हैं। सूत्र बताते हैं कि मुंबई पुलिस की जांच का ये दायरा जल्द ही दूसरे राज्यों तक भी पहुंच सकता है। इस मामले में गायक बादशाह को शुक्रवार रात पूछताछ के बाद घर जाने दिया गया।
अब तक की जांच में पता चला है कि सोशल मीडिया पर फर्जी ट्रेंड चलाने वाला पूरा एक गिरोह मुंबई और आसपास के जिलों में सक्रिय है। इस तरह के कुछ गिरोह दिल्ली एनसीआर, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी सक्रिय बताए जाते हैं। मुंबई पुलिस ने इस मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन 54 साइबर कंपनियों की मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले में पहचान की है, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को इस मामले में गायक बादशाह को मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट ने तलब किया था। दोपहर साढ़े 12 बजे यूनिट के दफ्तर पहुंचे बादशाह को रात करीब 10 बजे छोड़ा गया। इस दौरान उनके तमाम सवाल फर्जी फॉलोअर्स, लाइस्क और ट्वीट्स को लेकर किए गए।