दिलजीत दोसांझ, तापसी पन्नू और अंगद बेदी स्टारर 'सूरमा' का दूसरा मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म मशहूर हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक है। इस मोशन पोस्टर में अंगद बेदी संदीप सिंह के बड़े भाई बिक्रमजीत सिंह के किरदार में नजर आ रहे हैं।
मंगलवार को फिल्म का पहला मोशन पोस्ट रिलीज किया गया था। जिसमें तापसी के किरदार से परदा गिराते हुए बताया गया था कि वह फिल्म में हरप्रीत सिंह की भूमिका में नजर आएंगी। बता दें कि हरप्रीत संदीप सिंह की प्रेमिका थीं।
इससे पहले फिल्म 'सूरमा' का पोस्टर रिलीज किया गया था। सोनी पिक्चर्स प्रोडक्शन ने फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए कहा था, "उनका जुनून उनके डर से बड़ा था। आगे बढ़ने की उनकी इच्छा बाकी किसी भी कमजोरी की तुलना में सबसे मजबूत थी। हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी की सबसे बड़ी वापसी की कहानी देखने के लिए 13 जुलाई को नजदीकी सिनेमाघरों का रुख कीजिए।"
बता दें, यह फिल्म 13 जुलाई, 2018 को रिलीज होगी। 'सूरमा' फिल्म हॉकी लेजेंड संदीप सिंह पर आधारित है और इस फिल्म में दिलजीत संदीप का रोल निभा रहे हैं। शाद अली इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं।