सुपरहिट फिल्म 'पद्मावत' के बाद से 'छपाक', 'गहराइयां' और '83' से होते हुए अब अपनी नई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' तक आईं दीपिका पादुकोण के लिए 25 जनवरी की तारीख और ‘प’ अक्षर फिर एक बार लकी साबित हुए हैं। 'पद्मावत' और 'पठान' पहला अक्षर 'प' है और दोनों फिल्में 25 जनवरी को रिलीज हुईं। और, पांच साल बाद अपनी किसी फिल्म को हिट होते देखकर और इस फिल्म की सफलता को मनाने के लिए यहां मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में जुटे लोगों का प्यार देखकर दीपिका की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने अपने सभी चाहने वालों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि अभिनेत्रियों के लिए अच्छा समय है, उनके हिसाब से किरदार लिखे जा रहे हैं, लेकिन सबसे अच्छी बात है कि हम सिर्फ अच्छी फिल्में बनाने पर ध्यान दे रहे हैं, और किसी बात पर नहीं।