भारती सिंह का नाम आज घर-घर में मशहूर है, वो टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं। अपनी कॉमेडी के दम पर भारती ने सलमान खान से लेकर शाहरुख खान और साथ ही कई बड़े सितारों को भी हंसने के लिए मजबूर कर दिया। 'द कपिल शर्मा शो' में जो भी आया उसे भारती ने कभी लल्ली बनकर, कभी बुआ बनकर तो कभी उन्होंने बच्चा यादव की पत्नी बनकर खूब हंसाया। भारती सिंह को आज किसी पहचान की जरुरत नहीं है, उनका सिर्फ नाम मात्र लेने से ही हर किसी के चेहरे पर खुद मुस्कान आ जाती है।
कभी दो वक्त की रोटी भी थी मुश्किल
आज के किसी शो की मेजबानी करनी हो या फिर किसी शो में कॉमेडी करनी हो, भारती लाखों की फीस लेती हैं। लेकिन भारती की जिंदगी में एक समय ऐसा था जब उनके घर में दो वक्त की रोटी भी उन्हें मुश्किल से ही मिल पाती थी। बहुत ही कम उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था, जिसके बाद सभी बच्चों की जिम्मेदारी उनकी मां पर आ गई थी। उनकी मां जैसे तैसे संघर्ष करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। बचपन में मुश्किल हालातों को देखकर भारती को अपनी कई खुशियां दबानी पड़ती थीं। लेकिन भारती ने मुंबई आकर खुद अपनी किस्मत बदली। कभी दो वक्त की रोटी के लिए तरसने वालीं कॉमेडियन भारती सिंह आज आलीशान घर में रहती हैं।