बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान अपनी नई फिल्म 'टाइगर 3' की शूटिंग के लिए रूस रवाना हो गए हैं। रूस रवाना होने से पहले उनको सुरक्षा जांच के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर एक सीआईएसएफ जवान द्वारा रोका गया था, जिसकी वीडियो वायरल हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स सलमान को सुरक्षा जांच के लिए गेट पर रोकने वाले सीआईएसएफ जवान की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर डाली गई वीडियो पर टिप्पणी करते हुए लिखा 'सीआईएसएफ जवान ने जिस तरह सलमान को रोका, ये देखकर अच्छा लगा। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि सीआईएसएफ जवान भी किसी स्टार की तरह दिखाई देता है। एक यूजर ने लिखा, मैं सलमान खान का फैन नहीं हूं। मुझे सीआईएसएफ जवान का सलमान खान को इस तरह रोकना अच्छा लगा। उसे अपनी ड्यूटी करने के लिए मैं सलाम करता हूं। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, मैं अपने जवानों को प्यार करता हूं।