Movie Review: छलांग
कलाकार: राजकुमार राव, नुसरत भरूचा, जीशान अली अयूब, सौरभ शुक्ला, सतीश कौशिक, इला अरुण आदि।
निर्देशक: हंसल मेहता
ओटीटी: प्राइम वीडियो
रेटिंग: ***1/2
हिंदी सिनेमा के पहले आम आदमी के तौर पर मशहूर रहे अभिनेता अमोल पालेकर अगर इन दिनों के हैपनिंग निर्देशक हंसल मेहता को मिल जाएं या कथानक आधारित सिनेमा के पोस्टर ब्वॉय बन चुके राजकुमार राव को अगर बासु चटर्जी या ऋषिकेश मुखर्जी जैसे निर्देशकों के साथ काम करने का मौका मिला होता, तो क्या होता? ये सवाल अक्सर मेरे जेहन में तब तब उठे, जब मैंने राजकुमार राव और हंसल मेहता की फिल्में ‘शाहिद’, ‘सिटी लाइट्स’, ‘अलीगढ़’ और ‘ओमर्टा’ देखी। बीच में दोनों ने एक शानदार वेब सीरीज ‘बोस: डेड/अलाइव’ भी बनाई। हंसल मेहता का इन दिनों का डिजिटल हंगामा है स्टॉक एक्सचेंज के सबसे बडे स्कैम पर बनी वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’। इसकी कामयाबी ने इसके हीरो प्रतीक गांधी को एक फिल्म भी दिला दी है। हंसल मेहता ने अपनी अगली फिल्म ‘छलांग’ हल्की फुल्की गुदगुदाती सी बनाई है, ऋषिकेश मुखर्जी और बासु चटर्जी जैसी फिल्मों की हिंदी सिनेमा में वापसी की आस जगाती।