साल के सबसे बड़े फिल्मी इवेंट्स में से एक कान फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत बीते दिन यानी 17 मई को हो चुकी है। इस फेस्टिवल में भारत से बॉलीवुड की हस्तियों के साथ ही कई राजनीतिक हस्तियों ने भी शिरकत की है। दीपिका पादुकोण जहां कान में एक जूरी मेंबर की तरह शामिल हुई हैं। वहीं, आर माधवन, रिक्की तेज, वाणी त्रिपाणी, प्रसून जोशी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और शेखर कपूर फेस्टिवल में भारत को रिप्रेजेंट करने पहुंचे हैं। इस साल यह फेस्टिवल भारत के लिए बहुत खास है क्योंकि इस बार भारत को 'कंट्री ऑफ ऑनर' के तौर पर चुना गया है। इसकी खास वजह यह भी है कि भारत और फ्रांस के संबंधों को 75 साल पूरे हो गए हैं। इस महोत्सव के दूसरे दिन भारतीय मेहमानों ने कान में 'इंडिया पवेलियन' का उदघाटन किया। इस दौरान जूरी मेंबर दीपिका ने सबके सामने बताया कि वह यह पद पाकर कैसा महसूस कर रही हैं।