रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की अदाकारी से सजी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' इन दिनों लाइमलाइट में बनी हुई है। जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज डेट नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे फिल्म की परतें खुलती जा रही हैं। मेकर्स हर रोज कुछ ऐसा कर रहे हैं, जिसकी वजह से फिल्म और इसकी स्टार कास्ट चर्चाओं में बनी हुई है। आज अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का नया गाना 'देवा देवा' रिलीज कर दिया गया है। रिलीज होते ही गाना सोशल मीडिया पर छा गया है और दर्शकों को खूब पसंद भी आ रहा है। जहां सोशल मीडिया पर दर्शक इसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं, वहीं अब कुछ ऐसा हुआ है जिसके बाद शायद अगर अभी तक आपने यह गाना नहीं सुना है तो आप इसे जरूर सुनना चाहेंगे। दरअसल, साउथ के दिग्गज निर्देशक एस एस राजामौली सोशल मीडिया पर गाने और रणबीर की तारीफ की है।