कोरोना काल के बाद सिनेमाघरों पर साउथ की छोटे-बड़े बजट की फिल्मों का राज रहा है। दर्शकों का झुकाव बॉलीवुड से ज्यादा साउथ की फिल्मों की तरफ बढ़ रहा था। ऐसे में बड़े-बड़े बॉलीवुड स्टार्स की फिल्में भी साउथ की आंधी बह गई थीं और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप रही थीं। लेकिन इस साल रिलीज हुई रणबीर कपूर-आलिया भट्ट स्टारर और अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लोगों के दिलों में आज भी बॉलीवुड का जलवा बरकरार है। देश के साथ ही विदेश में इस फिल्म ने धमाल मचाया था। बॉक्स ऑफिस पर कमाई के झंडे गाड़ने के बाद अब इस फिल्म ने साउथ की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'केजीएफ 2' के साथ-साथ कई फिल्मों को गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली फिल्म के मामले में पीछे छोड़ दिया है।