रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अभिनीत फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। बायकॉट की आंधी के बीच रिलीज हुई इस फिल्म ने कमाई के मामले में सभी को हैरान करके रख दिया है। फिल्म ने दो हफ्तों के अंदर ही जहां घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया, वहीं विदेश में भी फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 'ब्रह्मास्त्र' विदेशी बाजारों की कमाई को मिलाकर 300 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी है। हालांकि, दूसरे सोमवार यानी 11वें दिन से फिल्म की कमाई में गिरावट आई है। यह गिरावट जारी है। फिल्म के 14वें दिन यानी दूसरे गुरुवार की कमाई सामने आ गई है, जिसमें भारी गिरावट देखी जा रही है।