दक्षिण भारतीय फिल्में जिस तरह हिंदी में डब होकर उत्तर भारतीय दर्शकों का प्यार पाती हैं, उसी तरह क्या हिंदी फिल्में तमिल, तेलुगू या दूसरी दक्षिण भारतीय भाषाओं में डब होकर दमदार कारोबार कर सकती हैं? इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश हिंदी सिनेमा में बीते एक दशक से हो रही है। इस दिशा में पहला बड़ा कदम सुपरस्टार ऋतिक रोशन की सुपरहीरो फिल्म ‘कृष 3’ में पहले पहल उनके पिता निर्माता निर्देशक राकेश रोशन ने उठाया था। इस फिल्म के बाद ऋतिक रोशन की एक और फिल्म ‘वॉर’ भी हिंदी के साथ दक्षिण भारतीय भाषाओं में डब होकर रिलीज हुई। आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ और सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म ‘एम एस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी’ भी ये कोशिशें कर चुकी है। लेकिन, निर्देशक अयान मुखर्जी की रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, नागार्जुन और अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा’ ने इन सारी फिल्मों का दक्षिण भारतीय भाषाओं में कारोबार करने का रिकॉर्ड न सिर्फ पहले हफ्ते में ही तोड़ दिया बल्कि दक्षिण भारतीय भाषाओं में सबसे ज्यादा कारोबार करने वाली फिल्म भी ये बन चुकी है। चलिए आपको फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा’ के अब तक दक्षिण भारतीय भाषाओं में हुए कारोबार के साथ साथ इन बाकी फिल्मों के भी दक्षिण भारत में किए गए कारोबार के बारे में बताते हैं।