दरअसल, हाल ही में मेकर्स ने अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की आगामी फिल्म 'थैंक गॉड' का ट्रेलर रिलीज किया था। जबरदस्त कॉमेडी, ड्रामा और एक्शन से भरपूर इस ट्रेलर को यूं तो लोगों ने काफी पसंद किया, लेकिन कुछ लोगों ने फिल्म के ट्रेलर में दिखाए गए एक दृश्य पर आपत्ति जताना शुरू कर दिया। देखते-ही-देखते सोशल मीडिया पर थैंक गॉड, बायकॉट ट्रेंड के लपेटे में आने लगी।
यमलोक की कहानी पर आधारित इस फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि मौत के बाद एक इंसान के साथ क्या होता है और उनके अच्छे-बुरे कर्मों का हिसाब कैसे लगाया जाता है? गौरतलब है कि हिंदू माइथोलॉजी के मुताबिक, देव चित्रगुप्त, धरती पर रह रहे लोगों की जिंदगी का लेखाजोखा रखते हैं। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में देव चित्रगुप्त की भूमिका निभा रहे अजय देवगन, एक दृश्य में मजाक और आपत्तिजनक भाषा का उपयोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यही कारण है कि लोग अजय देवगन के खिलाफ बायकॉट ट्रेंड चला रहे हैं।