लंबे इंतजार के बाद शुरू हुए टीवी के मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीजन ने रोजाना नए मोड़ देखने को मिल रहे हैं। शो में लगातार आ रहे ट्विस्ट एंड टर्न दर्शको का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। शो को पहले से दिलचस्प बनाने के लिए इस सीजन बिग बॉस का घर दो हिस्सों में बांटा गया है। इसके तहत शो की शुरुआत में निशांत, प्रतीक और शमिता मुख्य घर में रहते नजर आ रहे थे। जबकि अन्य सभी सदस्य जंगल वासी की तरह अपने दिन गुजार रहे थे। हालांकि बाद में हुए टास्क के बाद जय, विशाल, अकासा और तेजस्वी को भी मुख्य घर में एंट्री मिल गई थी। लेकिन, लगातार नियम उल्लंघन की वजह से बिग बॉस ने मुख्य घर से सभी सदस्यों को बेघर करते हुए जंगल में रहने की सजा दी।
बीते एपिसोड में सभी सदस्यों को सजा देने बाद बिग बॉस ने घरवालों को अपनी गलती सुधारने का एक मौका भी दिया। दरअसल, इसके लिए बिग बॉस ने सभी घरवालों को एक टास्क दिया। इस टास्क को जीतने वाले कंटेस्टेंस को मुख्य घर में एंट्री का पास दिया जाएगा। हालांकि, इस पास के बदले सदस्यों को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।