बिग बॉस से निकलने वाले सदस्य अक्सर इस गेम को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रिया देते हैं हालांकि शो की प्रतियोगी देवोलीना भट्टाचार्य का अनुभव काफी सकारात्मक है। बीते दिनों वह इस शो से बाहर हुई हैं। शो से निकलने की वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि उनका स्वास्थ्य है। हालांकि अगर उनकी तबियत में जल्द सुधार होता है तो वह फिर से शो का हिस्सा बन सकती हैं। घर से निकलने के बाद और आरंभिक चिकित्सा उपचार के बाद उन्होंने अमर उजाला से बिग बॉस के अपने अनुभव की यादें साझा की।
घर से बाहर निकलने के बाद फिर से आपकी वापसी हुई लेकिन अब आपको खराब स्वास्थ्य के चलते बाहर होना पड़ रहा है, कितना अफसोस हो रहा है?
मुझे अफसोस तो नहीं है क्योंकि मैं तबियत खराब होने की वजह से शो से बाहर हो रही हूं। हालांकि मुझे बुरा जरूर लग रहा है क्योंकि बिग बॉस के घर में, मैं इतने लोगों को छोड़ कर आई हूं और मेरा सपना भी बीच में अधूरा छूट रहा है। मुझे अभी अपनी तबियत सही करनी है उसके बाद ही मैं आगे कुछ अच्छा कर पाऊंगी।