हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा ब्रांड कहलाने वाले अभिनेता अक्षय कुमार की बॉक्स ऑफिस ब्रांड वैल्यू का इस साल फिल्म ‘बेलबॉटम’ में जो पहला नतीजा आया है, उसने उनकी निर्माणाधीन और रिलीज के लिए तैयार फिल्मों के निर्माताओं की पेशानी पर बल डाल दिए हैं। फिल्म ‘बेलबॉटम’ से पहले अक्षय कुमार की एक फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होकर भी फ्लॉप हो चुकी है और अब यहां मुंबई में उनकी एक और फिल्म की सीधे ओटीटी रिलीज की चर्चाएं मंगलवार सुबह से चल रही हैं। कहा जा रहा है कि अक्षय कुमार की पूरी हो चुकी फिल्म ‘अतरंगी रे’ के लिए इस साल के बाकी महीनों से लेकर अगले साल के आखिर तक कोई ढंग की रिलीज डेट नहीं मिल रही है और इसी के चलते अब ये फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होने की तैयारी में हैं।