फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amrita Singh Birthday: बड़े परदे की असल ‘दबंग’ अभिनेत्री, इन 10 किरदारों से समझिए पूरी पिक्चर

Tue, 09 Feb 2021 10:56 AM IST
प्रतीक्षा राणावत मुंबई ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
अमृता सिंह - फोटो : इंस्टाग्राम
'बेताब' और 'मर्द' जैसी फिल्मों से लोकप्रिय होने वाली अभिनेत्री अमृता सिंह मंगलवार को अपना 63वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने 80 के दशक में फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाईं और सबसे मशहूर अभिनेत्रियों में से एक बन गईं। सनी देओल और अमिताभ बच्चन ही नहीं, बल्कि अनिल कपूर और संजय दत्त के साथ भी अमृता ने खूब काम किया। पर्दे पर अलग-अलग किरदार निभाकर उन्होंने अभिनय में अपना नाम ऊंचा किया और 90 के दशक की शुरुआत में ही अभिनेता सैफ अली खान से शादी करने के बाद फिल्मों से दूर हो गईं। एक दशक बाद उन्होंने फिल्मों में वापसी भी की और बेहतरीन काम भी किया। उनके जन्मदिन के मौके पर आइए हम आपको अमृता के कुछ बेहतरीन किरदारों के बारे में बताते हैं।
विज्ञापन

2 of 11
बेताब - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार:  रोमा
फिल्म : बेताब (1983) 


अमृता सिंह ने अभिनय में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1983 में रिलीज हुई फिल्म 'बेताब' से की है। राहुल रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमृता के साथ अभिनेता सनी देओल मुख्य भूमिका में रहे। अमृता ने फिल्म में एक बिगड़ैल, घमंडी और दूसरों की इज्जत न करने वाली लड़की रोमा का किरदार निभाया है। रोमा और सनी देओल का किरदार सनी बचपन के दोस्त हैं लेकिन जवानी में मिलने पर वे एक दूसरे को पहचान नहीं पाते। हालांकि, कुछ मुलाकातों के बाद वह दोनों एक दूसरे को पहचान भी लेते हैं और प्रेम करने लगते हैं। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म के लिए सभी कलाकारों की खूब तारीफ हुई। यह फिल्म भी हर तरह से कामयाब रही।
विज्ञापन

3 of 11
मर्द - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : रूबी
फिल्म : मर्द (1985)


पहली फिल्म अच्छी तरह से सफल साबित हुई इसलिए अमृता के पास फिर काम की कमी नहीं थी। अगले ही साल अमृता ने सनी देओल के साथ 'सनी' फिल्म की तो 'दुनिया' फिल्म में वह ऋषि कपूर के साथ नजर आईं। उन्होंने अनिल कपूर के साथ वर्ष 1985 में 'साहेब' फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई। इसी साल उनकी एक और फिल्म 'मर्द' रिलीज हुई जिसमें अमृता की जोड़ी बनी अमिताभ बच्चन के साथ। मनमोहन देसाई के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म में अमृता ने क्रूर मेयर हैरी की बेटी और अमिताभ बच्चन के किरदार राजू की प्रेमिका रूबी का किरदार निभाया। इस फिल्म से अमृता को खूब नाम मिला। यह इस साल की सबसे ज्यादा पैसे कमाने वाली फिल्म रही।

4 of 11
चमेली की शादी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : चमेली
फिल्म : चमेली की शादी (1986)


वर्ष 1986 की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'चमेली की शादी' में अमृता ने एक खुशमिजाज और मुंहफट लड़की चमेली का किरदार निभाया। बासु चटर्जी के निर्देशन में बनी यह फिल्म उस समय की महिला प्रधान फिल्मों में से एक रही और अमृता का किरदार भी महिलाओं की इच्छा की वास्तविकता दिखाता है। अमृता के साथ इस फिल्म में अनिल कपूर, अमजद खान, पंकज कपूर और राम सेठी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी में चमेली और चरण दास (अनिल कपूर) दोनों अलग जाति के लोग हैं लेकिन प्रेम करने लगते हैं। दोनों लोग अपने परिवारों का विरोध झेलने के बावजूद एक वकील के जरिए शादी करने का रास्ता निकालने की कोशिश करते हैं।
विज्ञापन

5 of 11
नाम - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : रीता
फिल्म : नाम (1986)


अमृता सिंह के करियर की एक और बड़ी फिल्म 1986 में 'नाम' रिलीज हुई। यहां अमृता अभिनेता संजय दत्त के किरदार विकी कपूर की प्रेमिका रीता की भूमिका में नजर आईं। विकी अच्छे और बुरे हर तरह के काम करता है और रीता उसके हर तरह के काम में साथ देती है। संजय दत्त और अमृता सिंह की यह पहली ही फिल्म रही और इस फिल्म के बाद दोनों काफी अच्छे दोस्त बन गए। महेश भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमृता और संजय के अलावा नूतन, कुमार गौरव, पूनम ढिल्लों और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में हैं। पंकज उधास ने इसी फिल्म में गाया है, 'चिट्ठी आई है, आई है, चिट्ठी आई है'।
विज्ञापन

6 of 11
राजू बन गया जेंटलमैन - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : सपना छाबरिया
फिल्म : राजू बन गया जेंटलमैन (1992)


शाहरुख के साथ अमृता की पहली फिल्म रही 'राजू बन गया जेंटलमैन'। यहां अमृता एक रईस आदमी की बेटी सपना के किरदार में नजर आईं। जब शाहरुख का किरदार राज माथुर थोड़ा सफल होता है तो सपना उसे पसंद करने लगती है। वे दोनों साथ में बहुत वक्त बिताते हैं और सपना राजू से प्रेम करने लगती है। हालांकि, सपना को जब पता चलता है कि राजू किसी और से प्रेम करता है तो उसका दिल टूट जाता है। इस फिल्म में अमृता सहायक अभिनेत्री के रूप में हैं।
विज्ञापन

7 of 11
आईना - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : रोमा माथुर
फिल्म : आईना (1993)


अमृता सिंह के पास काम की कोई कमी नहीं थी लेकिन जब 1991 में उन्होंने अभिनेता सैफ अली खान के साथ शादी कर ली तो उन्हें मिलने वाली फिल्मों में कुछ कमी आई। कुछ तो उन्होंने खुद भी फिल्मों से दूरी बनाना शुरू कर दी थी। वह नजर आईं जूही चावला और जैकी श्रॉफ के साथ वर्ष 1993 की फिल्म 'आईना' में। यह कहानी दो बहनों रोमा (अमृता सिंह) और रीमा (जूही चावला) की है जिनमें कुछ भी एक जैसा नहीं है। सिर्फ एक ही समानता है कि ये दोनों एक ही लड़के रवि सक्सेना (जैकी श्रॉफ) से प्रेम करने लगती हैं। रवि को रोमा पसंद आती है और वह शादी करने लगते हैं लेकिन अंतिम समय में वह रवि को छोड़कर एक अभिनेत्री बनने चली जाती है। जब रवि उसकी बहन रीमा से शादी कर लेता है तो रोमा उनका जीना दुश्वार कर देती है। यहां अमृता ने नकारात्मक भूमिका निभाई और उसके लिए उन्होंने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।

8 of 11
काव्यांजलि - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : नित्या नंदा
धारावाहिक : काव्यांजलि (2005)


लगभग एक दशक के बाद जब अमृता सिंह ने अभिनय में वापसी की तो वह सबसे पहले नजर आई धर्मेंद्र के निर्माण में बनी फिल्म '23 मार्च 1931- शहीद' में। यहां उन्होंने शहीद भगत सिंह की मां विद्यावती कौर का किरदार निभाया। लेकिन, अमृता की ठीक तरह से वापसी तब हुई जब वह टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'काव्यांजलि' में एक नकारात्मक किरदार नित्या नंदा के रूप में नजर आईं। वर्ष 2005 का यह शो भी काफी बड़ा था और इसमें अमृता सिंह और विद्या सिन्हा जैसी अभिनेत्रियों के आ जाने से इसका नाम और भी बड़ा हुआ। शो में अमृता ने बेहतरीन काम किया और इसके लिए उन्हें नकारात्मक किरदार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के इंडियन टेली अवॉर्ड से नवाजा गया।

9 of 11
कलयुग - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : सिमी रॉय
फिल्म : कलयुग (2005)


वर्ष 2005 में ही अमृता सिंह के खाते में एक और जबरदस्त फिल्म 'कलयुग' जुड़ गई जिसमें इमरान हाशमी, कुणाल खेमू, स्माइली सूरी, दीपल शॉ और आशुतोष राणा ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में अमृता सिंह ने एक बिजनेस वूमन सिमी रॉय का किरदार निभाया है जो ज्यूरिख, स्विजरलैंड में रहती है और गुप्त तरीके से पोर्न वेबसाइट्स बनाती है। एक वीडियो से जब कुणाल खेमू के किरदार कुणाल का जीवन बर्बाद होता है तब वह गैरकानूनी वेबसाइट का रैकेट चलाने वालों का भंडाफोड़ करता है। अमृता का यह एक नकारात्मक किरदार रहा जिसके लिए उनकी खूब तारीफ हुई।

10 of 11
2 स्टेट्स - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : कविता मल्होत्रा
फिल्म : 2 स्टेट्स (2014)


अमृता सिंह ने करण जौहर और साजिद नाडियाडवाला के निर्माण में बनी फिल्म '2 स्टेट्स' में रोनित रॉय की पत्नी और अर्जुन कपूर की मां का किरदार निभाया है। कविता मल्होत्रा के रूप में अमृता अपने बेटे कृष के लिए बहुत चिंतित हैं। वह उसकी शादी अच्छी जगह पर होते हुए देखना चाहती हैं। वहीं, कविता की उसके पति विक्रम मल्होत्रा से कभी नहीं बनती। इस किरदार को अमृता ने शानदार तरीके से पेश किया। इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।
विज्ञापन

11 of 11
बदला - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : रानी कौर
फिल्म : बदला (2019)


सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी फिल्म 'बदला' में अमृता ने अपने काम के कई रूप दिखाए। इस थ्रिलर ड्रामा फिल्म में अमृता के अलावा अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू मुख्य भूमिकाओं में हैं। अमृता का किरदार इस फिल्म में रानी कौर का है जो शुरुआत में तो एक विलेन जैसा लगता है। लेकिन, बाद में खुलासा होता है कि असल में वह विलेन नहीं, बल्कि अपने बेटे सनी की मौत का बदला लेने के लिए रचे गए खेल का हिस्सा है। अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू समेत अमृता ने भी फिल्म में शानदार काम किया और इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें