मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद जारी है। विवाद की वजह फिल्म का नाम है, जिसमें ‘पंडित’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है। ‘घूसखोर पंडित’ नाम से ब्राह्मण समुदाय नाराज है और देश के अलग-अलग हिस्सों में फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। वहीं कई जगह फिल्म के मेकर्स पर एफआईआर भी दर्ज हुई है। फिल्म का नाम बदलने और इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की जा रही है। मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक भी पहुंच चुका है, जहां कोर्ट ने मेकर्स को प्रमोशनल सामग्री हटाने का निर्देश दिया है। वहीं एफएमसी ने भी मेकर्स को टाइटल को लेकर आवेदन न करने पर नोटिस भेजा है। फिलहाल पूरे मामले पर फिल्म के निर्माता नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी का बयान सामने आ चुका है। जिसमें उन्होंने फिल्म को काल्पनिक बताते हुए लोगों की भावनाओं का सम्मान करने की बात कही है। लेकिन अभी भी फिल्म का नाम बदलने की मांग को लेकर विरोध जारी है। ऐसे में अब देखना ये है कि क्या मेकर्स ‘घूसखोर पंडित’ का नाम बदलते हैं या नहीं?
हालांकि, ये पहला मौका नहीं है जब किसी फिल्म के टाइटल को लेकर विवाद उठा हो। इससे पहले भी कई फिल्मों के टाइटल को लेकर विवाद उठ चुका है। इस लिस्ट में दीपिका पादुकोण की फिल्म से लेकर अक्षय कुमार और रणवीर सिंह तक की फिल्में शामिल हैं। जानते हैं ऐसी फिल्मों के बारे में, विवाद के बाद जिनके नाम में हुआ बदलाव।