फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

An Action Hero: आयुष्मान बोले, ‘आनंद सर के पास कोई टेढ़ी कहानी आती है, तो पहला फोन मेरे पास ही आता है’

विज्ञापन
1 of 12
आयुष्मान खुराना - फोटो : सोशल मीडिया
10 साल के अपने करियर में अभिनेता आयुष्मान खुराना पहली बार एक एक्शन फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ लेकर आ रहे हैं। खुद उनके शब्दों में, उन्हें ‘टेढ़ी’ कहानियां बहुत पसंद आती हैं। कितनी टेढ़ी है इस फिल्म की कहानी, फिल्म के दूसरे हीरो जयदीप अहलावत के बारे में क्या है उनकी राय? और, नए स्वाद का सिनेमा बनाने का जोखिम उन्हें कितना भाता है? इस बारे में आयुष्मान खुराना से अमर उजाला के सलाहकार संपादक पंकज शुक्ल की एक एक्सक्लूसिव मुलाकात।
विज्ञापन

2 of 12
एन एक्शन हीरो - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ऐसा क्या है फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ में कि आपको इसका विषय सुनते ही हां करनी ही पड़ी?
मेरे लिए हमेशा से कहानी ही सबसे महत्वपूर्ण होती है। किसी फिल्म में एक एक्शन हीरो बनना, एक्शन की छानबीन करना, मेरी लालसा रही है। लेकिन, जब तक वह अलग एक्शन न मिले तब तक कहानी का मतलब नहीं है। एक्शन बहुत लोगों न किया है। मुझसे बेहतर किया है। मेरे लिए चुनौती ये थी कि मैं क्या अलग कर सकता हूं?
विज्ञापन

3 of 12
एन एक्शन हीरो - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
एक्शन हीरो की जब हम बात कर रहे हैं तो जब आपने सिनेमा देखना शुरू किया होगा तो किसकी एक्शन फिल्मे पसंद आती थीं आपको?
मुझे जैकी चैन की फिल्में बहुत पसंद आती थीं क्योंकि उनमें एक्शन के साथ साथ एक अलग सा हास्य भी होता था, मनोरंजन होता था, और वही चीजें फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ में भी हैं। भारतीय सिनेमा की बात करें तो मुझे पहले सनी देओल बहुत अच्छे लगते थे। ‘घायल’ मुझे बहुत पसंद आई थी। अक्षय कुमार पहले एक्शन हीरो हैं मेरे हिसाब से। आज के दौर में टाइगर श्रॉफ बहुत अच्छा एक्शन करते हैं। ऐसा एक्शन हुआ नहीं पहले कभी। विद्युत जामवाल बहुत अच्छे हैं। फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ आज के दौर की कहानी है। आज के युग की कहानी है।

4 of 12
एन एक्शन हीरो - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अक्षय कुमार का नाम आपने ले ही लिया है तो उनकी इस फिल्म में मौजूदगी को लेकर जो बातें चल रही हैं, वे कितनी सही हैं?
वह मेरे हिसाब से अगर फिल्म में नजर आएं तो ज्यादा मजा आएगा। ये बात वैसे तो बाहर आनी नहीं चाहिए थी लेकिन आ ही गई है तो फिर भी मैं यही कहूंगा कि ये सब फिल्म में देखकर मजा आएगा।
विज्ञापन

5 of 12
एन एक्शन हीरो - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
एक एक्शन फिल्म में सबसे बड़ा काम एक्शन डायरेक्टर का होता, इस फिल्म में किस तरह का अलग एक्शन है?
हमारी इस फिल्म में एक्शन की विविधता बहुत है। एक तरफ तो बहुत ही वास्तविक मारधाड़ है जब मैं और जयदीप लड़ते हैं। इंग्लैंड के एक एक्शन डायरेक्टर इयान हैं। उनके सहायकों जर्मनी के फीलिक्स, इटली के डैनियल और इंग्लैंड के टाइगर ने हमें इन दृश्यों के लिए तैयार किया। इंग्लैंड की शूटिंग के बाद भारत में जो हमने शूटिंग की, उसमें एक्शन बहुत देसी है। दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर एक्शन डायरेक्टर स्टंट सिल्वर जो चेन्नई से हैं, उनके दृश्यों की शूटिंग हमने अलग तरीके से की है। फिल्म के अंदर जो फिल्म बन रही है, उसका एक्शन बहुत साउथ है लेकिन जो असली एक्शन है वह हॉलीवुड जैसा है।
विज्ञापन

6 of 12
आयुष्मान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
तो इस फिल्म में जिस हीरो का किरदार आप निभा रहे हैं, वह असल आयुष्मान खुराना से कितना अलग है?
फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ में हीरो का जो किरदार में कर रहा हूं, उसमें बहुत दंभ है। असल जीवन में मैं ऐसा नहीं हूं, मुझे ऐसा लगता है। लेकिन, परदे पर जो सुपरस्टार का किरदार मैं निभा रहा हूं, वह मेरे अपने चरित्र से बिल्कुल अलग है। उसे गाड़ियों का शौक है। वह दिखावे में यकीन करता है जो असल जीवन में मुझमें बिल्कुल नहीं है।
विज्ञापन

7 of 12
जयदीप अहलावात और आयुष्मान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ का ट्रेलर देखकर अमिताभ बच्चन-विनोद खन्ना या फिर अमिताभ बच्चन-शशि कपूर की दो हीरो वाली फिल्में याद आती हैं, यहां दो हीरो की एक कहानी कहने में आप दोनों ने अपने बीच में सामंजस्य कैसे बनाया? ट्रेलर देखकर तो लगता है कि जयदीप आप पर हावी हो रहे हैं? 
जयदीप अहलावत का किरदार जितना मुझ पर हावी होता दिखे, उतना ही ये फिल्म की मदद करता है। हमें एक ऐसा किरदार चाहिए था जिस देखकर, जिसके हाव भाव से ये हीरो डर जाए। वह 6 फुट दो इंच के हैं। लंबे चौड़े जाट हैं। और, मैं फिल्मों में एक्शन करता हूं। मुझे जमीन पर लाने के लिए बिल्कुल ऐसा किरदार ही चाहिए था। वैसे जयदीप को इस फिल्म में लाने में मेरा भी बहुत बड़ा हाथ है। मैं चाहता था कि वह ही ये फिल्म करें। उनके पास डेट्स नहीं थी क्योंकि वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ के बाद वह बहुत व्यस्त हो गए थे तो मैंने आनंद सर (आनंद एल राय) को बोला कि मैं अपनी तारीखें आगे पीछे कर लूंगा लेकिन मुझे जयदीप अहलावत ही चाहिए।

8 of 12
बरेली की बर्फी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
निर्माता निर्देशक आनंद एल राय के साथ आप लगातार काम करते हैं। एक फिल्मकार और एक कलाकार का आपसी सामंजस्य कितना जरूरी है खुद को लगातार विकसित करते रहने के लिए
बहुत जरूरी है। मुझे लगता है कि मेरी एक पुनर्रचना 2017 में हुई थी जब मेरी दो फिल्में ‘बरेली की बर्फी’ और ‘शुभ मंगल सावधान’ आईं थीं। इससे पहले मेरी फिल्म ‘मेरी प्यारी बिंदु’ रिलीज हुई थी। फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ मेरा दूसरी पुनर्रचना है और आनंद एल राय सर का बहुत बड़ा हाथ है इसमें। वह हमेशा कहते रहे है कि जब भी उनके पास कोई टेढ़ी कहानी होती है तो सबसे पहले वह मेरे पास पहुंचते हैं। कहानी ये भी टेढ़ी है फर्क इतना है कि एक टेढ़ी कहानी को कमर्शियल तरीके से कहा गया है। इसका कुछ ऐसा विषय नहीं है जिसके बारे में लोग बातें न करते हों। मैं पहले भी बोल चुका हूं कि मैं वर्जित विषयों को सिनेमाघरों के लिए त्याग सकता हूं लेकिन टेढ़ेपन को नहीं त्याग सकता।

9 of 12
मोनिका ओ माय डार्लिंग - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अभी नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म आई ‘मोनिका ओ माय डार्लिंग’, उसकी खासियत ये है कि उसमें कोई भी हीरो या कोई भी विलेन नहीं है। हर किरदार अपनी अपनी विचारधारा के हिसाब से अपनी जगह सही है। दर्शक इस नए स्वाद की फिल्में पसंद भी खूब कर रहे हैं। इसकी अगली कड़ी मुझे ‘ऐन एक्शन हीरो’ में दिखती है जिसमें कोई हीरोइन नहीं है। नए स्वाद की कहानियों को बताने के लिए आपकी पीढ़ी के कलाकारों को जोखिम लेना कितना जरूरी है? 
जोखिम तो बहुत जरूरी है। जब भी आप कुछ नया प्रयोग करेंगे तो उसमें कहीं न कहीं तो विरोध झेलना ही होगा। उसके लिए तैयार रहना होगा। कुछ भी जब आप लीक से इतर करते हैं तो उसमें सफलता और विफलता दोनों के लिए तैयार रहना होगा। मेरा करियर ही इस जोखिम पर बना है और मैं जोखिम लेना छोड़ नहीं सकता। हालांकि, फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ में मुझे लगता है कि जोखिम सबसे कम है क्योंकि इसका मूल स्वर कमर्शियल है।

10 of 12
आयुष्मान खुराना - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
पिछली बार जब हमारी बात हुई थी तो आपने कहा था कि आपका अगला गाना जल्द ही आ जाएगा, वह तैयारी कहां तक पहंची है?
दो तीन गाने मैं तैयार कर चुका हूं अपने दोस्त रोचक (कोहली) के साथ लेकिन वक्त ही नहीं मिला इन्हें पूरी तरह तैयार करके रिलीज करने का क्योंकि फिल्में बैक टू बैक रिलीज हो रही हैं। बीच में जब खाली वक्त मिलेगा तो मैं पक्के तौर पर इन्हें रिलीज करूंगा लेकिन अभी मेरे दोनों हाथ भरे हुए हैं।

11 of 12
एन एक्शन हीरो - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कोई म्यूजिक कंपनी फिल्म बना रही हो और फिल्म का फोकस संगीत के बजाय एक्शन पर हो, ऐसा कम ही होता है। कितना जरूरी है कि किसी फिल्म के लिए कि उसमें जबर्दस्ती के मसाले न डाले जाएं
हमने फिल्म ‘एन एक्शन हीरो’ में जो चीज जबर्दस्ती नहीं डाली है वह है, लव ट्रायंगल। ये दो मर्दों की कहानी है जो एक दूसरे से नफरत करते हैं। ये एक टेढ़ी कहानी पर बनी हिंसक लेकिन मजेदार थ्रिलर है। गाने भी हैं फिल्म में क्योंकि जब तक भूषण कुमार हैं तो फिल्म में गाने न हों, ऐसा हो नहीं सकता। इस फिल्म में भी दो गाने हैं और दोनों पूरी तरह कमर्शियल गाने हैं।
विज्ञापन

12 of 12
ड्रीम गर्ल - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
और आने वाली फिल्मों के बारे में कुछ बताना चाहेंगे?
जी, ‘ड्रीम गर्ल 2’ की शूटिंग चल रही है। इसका आखिरी शेड्यूल जनवरी में होगा और ये मेरे हिसाब से मेरी अब तक की सबसे कमर्शियल फिल्म है क्योंकि ये एक ऐसी फिल्म है जिसका दर्शक वर्ग सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों और छोटे शहरों तक में मौजूद है। फिल्म की शूटिंग मथुरा, आगरा और कुछ मुंबई में हुई है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें