बॉलीवुड की दुनिया बाहर से बेशक चकाचौंध से भरी हुई लगती है लेकिन इसमें रहने वाले लोगों की जिंदगी कब अंधेरे में समा जाती है किसी को पता ही नहीं चलता। एक समय में स्टार माने जाने वाले सितारे कभी किसी रोज गुमनामी में जीने को मजबूर हो जाते हैं तो कई लोगों को फैंस सड़क से उठाकर स्टार बना देते हैं। बीते रोज सुपरहिट वेब सीरीज में काम कर चुके एक्टर ब्रह्मा मिश्रा के निधन की खबर आई। पुलिस की मानें तो 29 नवंबर को ब्रह्मा के सीने में अचानक दर्द शुरू हुआ था। जिसके बाद उन्होंने डॉक्टर से गैस की दवाई ली और घर वापस लौट आए। इस बीच उन्हें हार्टअटैक हुआ और उनका 32 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका शव तीन दिन तक बाथरूम में पड़ा रहा, पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी तब पुलिस को बुलाकर इसकी जानकारी दी गई। खैर ये कोई पहला मामला नहीं है जब मौत के बाद किसी कलाकार का शव सड़ता रहा और किसी को खबर तक नहीं हुई।